प्यारा हिंदुस्तान है
सारे जग में सबसे प्यारा मेरा हिंदुस्तान है।
सकल विश्व में सबसे न्यारा मेरा हिंदुस्तान है।
गंगा-यमुना पावन नदियां
इसकी प्यास बुझाती हैं।
और नर्मदा ब्रह्मपुत्र भी
इस पर प्यार लुटाती हैं।
काश्मीर सा स्वर्ग सरीखा
यहां पर ही स्थान है।
सकल विश्व में सबसे न्यारा मेरा हिंदुस्तान है।
विश्व बंधु का नारा देकर
दुनिया को बतलाया है।
सकल विश्व है एक घरौंदा
दुनिया को सिखलाया है।
राष्ट्र भाव की एक धरोहर
जन गण मन का गान है।
सकल विश्व में सबसे न्यारा मेरा हिंदुस्तान है।
उत्तर में है खडा हिमालय,
और दक्षिण में सागर है।
जगह जगह पर खनिज भरे हैं,
कनक-रजत की आगर है।
अद्भुत इसकी संस्कृति है
और इतिहास महान है।
सकल विश्व में सबसे न्यारा मेरा हिंदुस्तान है।